तिरुवनंतपुरम, 28 फरवरी (वार्ता) ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते युद्ध की वजह से पश्चिम एशिया में व्यापक हवाई क्षेत्र बंद कर दिये गये हैं , वहीं केरल के प्रमुख हवाई अड्डों ने यात्रियों के लिए तत्काल परामर्श जारी कर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बड़े पैमाने पर बाधित होने की चेतावनी दी है।
सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया में कई अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों के अस्थायी रूप से बंद होने और परिचालन संबंधी प्रतिबंधों के कारण खाड़ी तथा अन्य पश्चिम एशियाई गंतव्यों के लिए संचालित होने वाली कई उड़ानों में देरी, मार्ग परिवर्तन और समय में बदलाव के साथ कई उड़ानें रद्द कर दी गयी है। क्षेत्र में बढ़ी हुई सैन्य गतिविधियों के कारण विमानन अधिकारियों को संवेदनशील हवाई गलियारों में नागरिक हवाई यातायात को प्रतिबंधित करना पड़ा है।
तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक यात्री परामर्श जारी करते हुए कहा है कि सुरक्षा स्थिति के लगातार खराब होने के कारण कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन में बाधा आ सकती है। यात्रियों को कड़ाई से सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे की यात्रा करने से पहले अपनी संबंधित विमानन कंपनियों से उड़ान की नवीनतम स्थिति की जांच करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
इसी प्रकार, कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (सिएल) ने पुष्टि की है कि ईरान-इजराइल संघर्ष के जारी रहने की वजह से पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं या उन्हें रोक दिया गया है। हवाई अड्डा अधिकारियों ने कहा कि वे इस अनिश्चितता की अवधि के दौरान यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने और असुविधा को कम करने के लिए विमानन कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के साथ निकट समन्वय कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को शाम 5 बजे जारी यात्री परामर्श के अनुसार रद्द की गई उड़ानों में शाम 4:15 बजे दोहा जाने वाली उड़ान 6ई 1323, शाम 6:20 बजे दुबई जाने वाली 6ई 1475, रात 9:50 बजे रास अल खैमाह जाने वाली 6ई 1517 और रात 10:50 बजे अबू धाबी जाने वाली 6ई 1403 शामिल हैं। प्रभावित उड़ानों में अगले दिन सुबह 4:50 बजे रास अल खैमाह से आने वाली 6ई 1518 और शाम 5:15 बजे दुबई से आने वाली 6ई 1476 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने हवाई क्षेत्र की मौजूदा स्थितियों को देखते हुए 24 घंटे की अवधि के लिए पश्चिम एशिया की अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।
अन्य परिचालन बदलावों में शारजाह से आने वाली उड़ान आईएक्स 411 को यात्रियों के लिये रोक दिया गया है, डब्ल्यूवाई 224 अपने मूल स्थान पर लौट गई है, जिसके दोपहर 3:40 बजे पहुंचने की उम्मीद थी और ईवाई 333 की उड़ान को रोक दिया गया है। हवाई अड्डा अधिकारियों ने दोहराया कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षेत्र में संघर्ष के आगे के घटनाक्रम के आधार पर स्थिति परिवर्तनशील बनी हुई है।
पश्चिम एशिया के गंतव्यों के लिए उड़ान भरने या वहां से गुजरने की योजना बनाने वाले यात्रियों से एक बार फिर आग्रह किया गया है कि वे हवाई अड्डे की ओर प्रस्थान करने से पहले सीधे अपनी विमानन कंपनियों से अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करें। अधिकारियों ने यात्रियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और आश्वासन दिया कि लगातार खराब हो रहे भू-राजनीतिक हालात के बीच हवाई अड्डे के सुरक्षित और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
