जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत पाटबाबा रोड पर जीसीएफ गार्ड चौकी के पास दो अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप कर्मचारी का रास्ता रोककर न केवल उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि सोने की चेन और कीमती मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, रांझी गुरुद्वारे के पीछे निवासी 20 वर्षीय पीयूष सिंह राजपूत सागर ज्वेलरी में काम करता है। रात करीब 10 बजे वह रसल चौक से बिरयानी लेकर अपनी एक्टिवा से घर लौट रहा था। जैसे ही वह पाटबाबा रोड पर जीसीएफ गार्ड चौकी के पास पहुँचा, पीछे से सफेद एक्टिवा पर आए दो बदमाशों ने अपनी गाड़ी अड़ाकर उसे रोक लिया।
पीयूष ने बताया कि बदमाशों ने रुकते ही उसे धमकाना शुरू कर दिया और मोबाइल व चेन की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने पीयूष पर हमला कर दिया। एक बदमाश ने उसका हाथ मरोड़ दिया, जबकि पीली टी-शर्ट पहने दूसरे बदमाश ने उसके चेहरे पर जोरदार मुक्का जड़ दिया। हमले में पीयूष के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं।खून से लथपथ पीयूष कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपी उसके गले से 2.5 ग्राम की सोने की चेन और लगभग 30 हजार रुपये का मोबाइल छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही हैं।
