ग्वालियर: लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी का दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आज शनिवार से ग्वालियर में शुरू हुआ। लोसपा के संस्थापक रघु ठाकुर शिविर में मौजूद हैं। मंच पर महात्मा गांधी, डॉ राममनोहर लोहिया, डॉ भीमराव अम्बेडकर व कर्पूरी ठाकुर के चित्र सजे हैं। आयोजन स्थल चंद्रवदनी नाका के पास नहर वाली माता रोड पर बघेल छात्रावास में रखा गया है।
दो दिन के इस शिविर में संगठन विस्तार पर तो चर्चा हो ही रही है, कठिन समय में समाजवाद के मूल सिद्धान्तों की वापसी कैसे हो इस पर चिंतन किया जा रहा है।आयोजन स्थल पर डा. राममनोहर लोहिया, साहित्यकार जगन्नाथ प्रसाद मिलिंद, समाजवादी नेता लल्लू सिंह कुशवाह ‘ दद्दा’ की स्मृति में द्वार बनाये गये हैं। इससे पहले लोसपा ने चांपा, भिंड, कटनी, विदिशा आदि स्थानों पर कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए हैं। प्रशिक्षण शिविर में रघु ठाकुर ने कहा कि लोसपा समाजवाद की उस मूल धारा की वापसी चाहती है जो आचार्य नरेन्द्र देव के शुचिता आधारित व्यापक दर्शन और डॉ राममनोहर लोहिया की सिविल नाफरमानी, सप्तक्रांति और हर अन्याय के प्रतिकार पर आधारित थी।
