नयी दिल्ली, 18 नवम्बर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में बिहार का कतरनी, स्वर्ण मंसूरी और सोनम चावल आगंतुकों को लुभा रहा है।
बिहार पवेलियन में ‘गजानन सिद्धिविनायक फूड’ इस वर्ष व्यापार मेला में आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। आगंतुक कतरनी, स्वर्ण मंसूरी और सोनम चावल को लोग खूब पसंद कर रहे हैं और ऑर्डर बुक करा रहे हैं।
गौरतलब है कि यह कंपनी बिहार में पूरी तरह जैविक खेती (ऑर्गैनिक फार्मिंग) के माध्यम से चावल का उत्पादन करती है। बिना किसी रासायनिक प्रक्रिया के तैयार किए गए इनके चावल शत-प्रतिशत शुद्ध, प्राकृतिक और स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित हैं। कंपनी के पास कुल सात प्रकार के चावल हैं, जिनकी कीमत 40 रुपये किलो से 70 रुपये किलो तक है। इनमें सबसे लोकप्रिय मंसूरी चावल (40रुपये/किलो), सोनम स्टीम चावल (70 रुपये/किलो) और कतरनी व्हाइट सेला चावल (50 रुपये/किलो) हैं।
इस कंपनी के संस्थापक पवन कुमार झुनझुनवाला हैं, जबकि संचालन की जिम्मेदारी गोपाल कुमार झुनझुनवाला संभालते हैं। स्टॉल पर आने वाले आगंतुक न सिर्फ चावल की गुणवत्ता और सुगंध से प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि इसके रसायनमुक्त, स्वच्छ और हाइजेनिक उत्पादन की सराहना भी कर रहे हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के बीच यह चावल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
इसके अलावा बिहार पवेलियन में राज्य सरकार से पुरस्कृत नाजदा खातून का सिक्की आर्ट, मंजूर आलम का डिज़ाइनर लेदर उत्पाद और राकेश कुमार के हैंडलूम कढ़ाई शूट उत्पाद को लोग खूब भा रहा हैं l
बिहार के चंपारण से आए मंजूर आलम ने बताया कि लेदर के पर्स, लेडीज पर्स, बैग, ऑफिस बैग, ट्रॉली बैग, बेल्ट एवं अन्य उत्पाद के खास डिजाइन को लोग खूब पसंद कर रहे हैं l यहां पर पांच सौ से लेकर 10 हजार तक के विभिन्न लेदर उत्पाद उपलब्ध है। वहीं अररिया के राकेश कुमार के हैंडलूम कढ़ाई शूट उत्पाद के स्टॉल पर बेहतरीन डिजाइन वाले कॉटन कढ़ाई शूट के साथ भागलपुरी सिल्क दुपट्टा भी लड़कियों और महिलाओं को खूब पसंद आ रही है और खरीदारी कर रहे हैं।

