भारत-न्यूजीलैंड व्यापार वार्ता में कई पहलुओं पर सहमति: सरकार

मुंबई, (वार्ता) सरकार ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जारी वार्ता में कई पहलुओं पर सहमति बनने की बात कही है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले के बीच सोमवार को मुंबई में एक और दौर की वार्ता हुई। इससे पहले दोनों के बीच नवंबर के पहले सप्ताह में न्यूजीलैंड में वार्ता हुई थी।

इस द्विपक्षीय बैठक के बाद वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “यह बैठक जारी वार्ताओं में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई, जिसमें दोनों मंत्रियों ने वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार से संबंधित प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित किया। दोनों पक्षों ने स्वीकार किया कि हालिया दौर की वार्ता में ठोस प्रगति हुई है, जिसमें कई पहलुओं पर सहमति बनी है और समझौते के शीघ्र और पारस्परिक रूप से संतोषजनक समापन के मार्गों पर एक स्पष्ट साझा समझ उभरी है।”

उल्लेखनीय है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2024-25 में 1.3 अरब डॉलर रहा जो बेहद कम है। दोनों पक्ष एक ऐसे समझौते की तलाश में हैं जो संतुलित हो और किसी भी तरफ उसका अनुचित झुकाव न हो।

मंत्रालय ने बताया कि आज की बैठक में दोनों मंत्रियों ने इस बात पर जोर दिया कि एक व्यापक और संतुलित एफटीए न केवल व्यापार प्रवाह को गति देगा, बल्कि निवेश संबंधों को भी प्रगाढ़ करेगा, आपूर्ति-श्रृंखला को मजबूत करेगा और दोनों देशों में व्यवसायों के लिए एक पारदर्शी और स्थिर ढांचा प्रदान करेगा।

एक महत्वाकांक्षी और दूरदर्शी साझेदारी के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए, दोनों मंत्रियों ने विश्वास व्यक्त किया कि मुक्त व्यापार समझौता सेवाओं, नवाचार और प्रौद्योगिकी सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अवसरों के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा। वे वार्ता में रचनात्मक गति को बनाये रखने और शीघ्र, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देने के लिए आने वाले समय में प्रयासों को तेज करने पर सहमत हुए।

 

Next Post

राजस्थान के कृषि मंत्री ने किसानों को दिलाया समाधान का भरोसा

Tue Nov 18 , 2025
जयपुर, 18 नवंबर (वार्ता) राजस्थान के कृषि मंत्री डा किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों को उनकी मांगों के समाधान का भरोसा दिलाया हैं। डा मीणा ने सोमवार देर रात यहां सांसद राहुल कस्वां के नेतृत्व में चूरू जिले के किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर किसानों के बीमा क्लेम, जल […]

You May Like