
इंदौर. निर्माणाधीन सड़कों और लापरवाही के हालात ने शहर व ग्रामीण इलाकों में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान ले ली. एक मामले में पुलिया से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के नीचे लटके तारों की चपेट में डीजे वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में प्लॉट देखने जा रही एक महिला डंपर की टक्कर से जिंदगी गंवा बैठी. दोनों घटनाओं में पुलिस जांच कर रही है.
मेठवाड़ा क्षेत्र में सड़क और पुलिया निर्माण कार्य जारी है. इसी बीच डीजे उपकरण से लदी एक आइशर गाड़ी पुलिया से निकल रही थी, तभी अत्यंत नीचे लटकी हाईटेंशन लाइन उसके संपर्क में आ गई. करंट फैलते ही वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों का कहना है कि झुके तारों को लेकर कई बार विद्युत विभाग और निर्माण एजेंसी को शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते सुधार नहीं हुआ. दूसरी घटना खंडवा रोड स्थित बाईग्राम के पास हुई, जहां निर्माणधीन सड़क पर अव्यवस्थित यातायात और भारी वाहनों की रफ्तार जानलेवा साबित हो रही है. एक महिला प्रॉपर्टी से जुड़े व्यक्ति के साथ बाइक से प्लॉट देखने जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई. शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया. दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है.
