
इंदौर. शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाने पर एक युवक ने ट्रैफिक पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया. विजय नगर चौराहे पर जांच के दौरान रोके जाने पर वह हंगामा करने लगा, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई. स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा. थाने ले जाने के बाद भी युवक का व्यवहार आक्रामक ही रहा, जिस पर पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई की.वहीं पुलिस एक ही दिन में एक हजार से ज्यादा के चालान बनाए.
पुलिस उपायुक्त जोन 4 आनंद कलादगी ने बताया कि शहर में यातायात नियम उल्लंघन पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी है. हेलमेट अभियान के तहत 1008 चालान बनाए गए, कार्रवाई चौराहे बदल-बदलकर की जा रही है ताकि लोगों में सजगता बढ़े. कई दोपहिया चालकों को तीन सवारी बैठाकर चलते पकड़ा गया, वहीं 23 बसों के खिलाफ चालान बनाए गए, क्योंकि ड्राइवरों ने वर्दी नहीं पहनी थी और कई बसें सड़क पर सवारी चढ़ा-उतार रही थीं. नो-इंट्री में प्रवेश करते ही कालरा ट्रैवल्स की एक बस पर भी विजय नगर क्षेत्र में चालान किया. ट्रैफिक नियंत्रण कक्ष के नंबर पर मिलने वाली शिकायतें भी कुछ कम हुई हैं. कलादगी का कहना है कि 13 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 11 पर कार्रवाई कर दी गई है. हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की संख्या अब हजार के करीब पहुंच चुकी है. जिन वाहनों की शिकायतें मिलीं, उनमें सड़क और फुटपाथ पर लंबे समय से खड़े वाहन शामिल थे. पुलिस ने क्रेन से इन्हें हटवाया. इसके अलावा 36 ऑटो और ई-रिक्शा भी जब्त किए गए, जो अव्यवस्थित ढंग से खड़े होकर ट्रैफिक में बाधा पैदा कर रहे थे. इनमें अधिकांश वाहन राजवाड़ा क्षेत्र से पकड़े गए.
