जबलपुर: स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों को प्रतिस्पर्धी एवं न्यूनतम दरों पर पाठ्य पुस्तकें, कॉपिया और गणवेश उपलब्ध कराने जिला प्रशासन द्वारा 25 मार्च से 5 अप्रैल तक गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में लगाये जा रहे पुस्तक मेला की तैयारियों जोर-शोर से जारी है। मेले में पाठ्य पुस्तकों, कॉपियों, यूनिफार्म, स्कूल बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्रियों के स्टॉल के अलावा व्यंजनों के स्टॉल भी लगाये जायेंगे। मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। पुस्तक मेला का यह लगातार तीसरा आयोजन है। ज्ञात हो कि निजी स्कूलों, प्रकाशकों एवं पुस्तक विक्रेताओं की सांठगांठ से छात्रों और उनके अभिभावकों को राहत दिलाने प्रदेश में पुस्तक मेले के आयोजन की शुरूआत वर्ष 2024 में जबलपुर जिले से ही हुई थी।
इस बार भी लगेगा बुक बैंक का स्टॉल
पुस्तक मेला में पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बुक बैंक का स्टॉल लगाया जायेगा। जहां विद्यार्थी, उनके अभिभावक एवं नागरिक पिछले वर्ष की पाठ्य पुस्तकें दान में दे सकेंगे। यह पुस्तकें रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से नाम मात्र के शुल्क पर जरूरतमंद विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जायेगी।
आयोजन को लेकर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
पुस्तक मेला के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की है। पुस्तक मेला की संपूर्ण व्यवस्था का प्रभारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत को बनाया गया है। इस कार्य में उनके सहयोग के लिए जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी सहित नोडल अधिकारी आदि को तैनात किया गया है। पुस्तक मेला स्थल पर कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, कंट्रोल रूम, मंचीय व्यवस्था, फायर ब्रिगेड की तैनाती का दायित्व एसडीएम आधारताल पंकज मिश्रा को सौंपा गया है। मेला स्थल पर स्वास्थ्य सुविधाओं की संपूर्ण व्यवस्था, का दायित्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा, पुस्तक मेले के आय-व्यय का संपूर्ण लेखा जोखा रखने का दायित्व जिला कोषालय अधिकारी सुश्री विनायिका लकरा, संपूर्ण विद्युत व्यवस्था की देखरेख का दायित्व पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता जबलपुर शहर संजय अरोरा को दिया गया है।
