शिमला, 14 नवंबर (वार्ता) हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला पुलिस ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और गांधी परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिमला के कसुम्पटी निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन अतुल शर्मा द्वारा 12 नवंबर को पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी को ईमेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत के आधार पर 13 नवंबर को बालूगंज पुलिस थाने में यह मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सुश्री रनौत ने 10 नवंबर को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ से की गई पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और संजय गांधी के निधन को लेकर भड़काऊ व निराधार संकेत दिए।
कैप्टन शर्मा ने अपनी शिकायत में सुश्री सोनिया गांधी को ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ के रूप में चित्रित करने और उनके राजनीतिक उदय को गांधी परिवार के सदस्यों की मृत्यु से जोड़ने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है, इसलिए पोस्ट और उससे जुड़े वीडियो की प्रामाणिकता की समयबद्ध साइबर फॉरेंसिक जांच कराई जानी चाहिए।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब सुश्री रनौत ने एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग से जुड़े विवाद पर टिप्पणी करते हुए गांधी परिवार का संदर्भ दिया और अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के शोध का हवाला देते हुए इस संबंध में सवाल उठाए।
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना), 353 (सार्वजनिक उपद्रव फैलाने वाले बयान और झूठी सूचना) तथा 356 (मानहानि) के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
