
सिंगरौली। थाना सरई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फाटपानी में आज दिन शनिवार की सुबह एक किशोर का शव महुआ के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ की। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचनाकर्ता राजकुमार साकेत ने थाना पहुंचकर बताया कि उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। उसका 16 वर्षीय बेटा गोविन्द साकेत बीते लगभग एक माह से घर पर न रहकर पड़ोसी जोधे साकेत के घर रह रहा था। आज सुबह करीब 5 बजे जब वह उठा तो देखा कि उसका बेटा घर के बाहर महुआ के पेड़ में साड़ी का फंदा बनाकर लटका हुआ है और उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने आत्महत्या के कारणों की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है।
