सतना :पहचान छिपाकर व्हाट्सएप के जरिए लडक़ी को अश्लील मैसेज और फोटो भेजने वाले आरोपी की पहचान करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.एसडीओपी नागौद रघु केसरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उचेहरा थाने में लडक़ी द्वारा शिकायत की गई थी. लडक़ी ने पुलिस को बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे व्हाट्सएप के जरिए अश्लील फोटो और मैसेज भेज रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 79 बीएनएस, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और 11/12 पाक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए पहचान करने के प्रयास शुरु कर दिए. इस मामले में साइबर से से मिली मदद के आधार पर आरोपी की पहचान शेखर चौधरी पिता रामश्रय उम्र 19 वर्ष निवासी पिपरी कला के तौर पर की गई. लिहाजा पुलिस टीम ने बिना देरी किए दबिश देते हुए आरोपी को दबोच लिया. पूछताछ किए जाने पर आरोपी द्वारा उक्त घटना को स्वीकार कर लिया गया. जिसे देखते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया.
