सतना : जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र से पिछले 5 महीने में 2 बालिकाएं गायब हो गई थीं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तलाश करते हुए एक बालिका को गुजरात के नवी सियालचा और दूसरी ओर वापी क्षेत्र से दस्तयाब कर लिया. इस मामले में बालिकाओं को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है.
रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी से प्राप्त जतानकारी के अनुसार फरियादी पिता द्वारा अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की शिकायत 21 मई 2015 को दर्ज कराई गई थी. शिकायत के दौरान पिता द्वारा इस बात की आशंका जाहिर की गई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया है. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर बालिका की तलाश शुरु की गई लेकिन कोई जानकारी सामने नहीं आई.
इसी कड़ी में थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले एक अन्य फरियादी पिता द्वारा भी अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की शिकायत 11 सितंबर को की गई थी. इस मामले में भी पुलिस द्वारा शुरु की गई छानबीन में बालिका के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बावजूद भी साइबर सेल द्वारा लगातार कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा था. जिसके चलते बालिकाओं के गुजरात में होने की जानकारी सामने आई.
जिसे गंभीरता से लेते हुए फाौरन ही पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया. पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक गुमशुदा बालिका को गुजरात के नवी सियालचा के मकान नं. 704 से दस्तयाब कर लिया गया. इसी कड़ी में दूसरी गुमशुदा बालिका को गुजरात के वापी से दस्तयाब कर लिया गया. दोनों बालिकाओं के कथन लिए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. इसी कड़ी में बालिकाओं को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
