बिहार : एनडीए की प्रचंड जीत के मायने

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का जनादेश बेहद स्पष्ट है,राज्य की जनता ने विकास, स्थिरता और भरोसेमंद नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को एक बार फिर सशक्त जनादेश सौंपा है. शुरुआती रुझानों से ही यह संकेत मिलने लगे थे कि जनता बदलाव नहीं, बल्कि निरंतरता चाहती है. अब जब परिणाम लगभग स्पष्ट हैं, यह कहना उचित होगा कि एनडीए की यह जीत केवल राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि बिहार के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन की इच्छा का प्रमाण है. 200 से अधिक सीटों तक की बढ़त ने बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय लिखा है. बीजेपी का सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरना उस राजनीतिक परिपक्वता का संकेत है, जिसने राज्य में दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर मजबूत शासन की मांग को प्राथमिकता दी. वहीं जेडीयू ने एक स्थिर सहयोगी के रूप में अपनी विश्वसनीयता फिर सिद्ध की है. इस जीत के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नेतृत्व भी एक बार फिर जनता की कसौटी पर सफल साबित हुआ है.

इस परिणाम के केंद्र में कई कारक हैं, जिनमें सबसे प्रमुख है, ‘डबल इंजन’ मॉडल पर जनविश्वास. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त नेतृत्व ने बिहार को उस प्रशासनिक स्थिरता का भरोसा दिया, जिसकी राज्य को अक्सर कमी महसूस होती थी. महिलाओं का भारी मतदान और उनका एनडीए की ओर झुकाव भी इस जीत की रीढ़ रहा. ‘जीविका दीदी ‘, ‘साइकिल योजना ‘, ‘शराबबंदी’ जैसे कदमों ने महिलाओं के मन में सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की भावना मजबूत की, जिसका सीधा लाभ एनडीए को मिला. यह तथ्य अनदेखा नहीं किया जा सकता कि बिहार में महिला वोट अब निर्णायक शक्ति बन चुकी है.

बूथ प्रबंधन, उम्मीदवार चयन और समय पर चुनावी तैयारियों ने भी गठबंधन को महागठबंधन पर बढ़त दिलाई. प्रचार के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी की रैलियों ने चुनावी हवा को निर्णायक रूप से एनडीए के पक्ष में मोड़ दिया. इसके विपरीत, महागठबंधन इस बार अपने पारंपरिक सामाजिक समीकरण को भी संभाल नहीं पाया. आरजेडी का ‘मुस्लिम-यादव’ आधार पहली बार इतना बिखरा दिखा. कांग्रेस का कमजोर प्रदर्शन न केवल संख्या में, बल्कि रणनीतिक दृष्टि से भी गठबंधन पर एक बोझ साबित हुआ.

महागठबंधन की हार के पीछे टिकट वितरण में अव्यवस्था, अंदरूनी असंतोष और वैकल्पिक नेतृत्व की अनुपस्थिति जैसे कारण स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं. तेजस्वी यादव ने प्रचार में ऊर्जा तो दिखाई, लेकिन जनता ने उन्हें अभी भी एक परिपक्व और स्थिर विकल्प के रूप में स्वीकार नहीं किया. यह जनादेश महागठबंधन को आत्ममंथन का अवसर देता है,क्योंकि बिहार की बदलती सामाजिक संरचना को केवल नारों और गठबंधन गणित से नहीं जीता जा सकता.
हालांकि, यह विजय एनडीए के लिए भी कई नए प्रश्न लेकर आती है. बीजेपी के सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद भविष्य में सत्ता-संतुलन को लेकर नए समीकरण तैयार होंगे. नीतीश कुमार को पहले की तरह सर्वसम्मति से स्वीकारा जाएगा या नहीं,यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा. किंतु फिलहाल, जनता ने जिस नेतृत्व को जनादेश दिया है, उसकी पहली जिम्मेदारी शासन को स्थिर और विकासोन्मुख बनाए रखना होगी.कुल मिलाकर, बिहार के मतदाताओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे स्थिर सरकार, अनुभवी नेतृत्व और मजबूत गठबंधन को प्राथमिकता देते हैं. एनडीए की यह प्रचंड विजय बिहार में विकास और सुशासन के नए अध्याय की शुरुआत है और साथ ही भविष्य के लिए एक गंभीर चेतावनी भी, कि जनता की अपेक्षाएं अब पहले से कहीं अधिक बढ़ चुकी हैं.

 

Next Post

श्रीनगर के नौगाम थाना में विस्फोट, नौ की मौत, 26 घायल

Sat Nov 15 , 2025
श्रीनगर, 15 नवंबर (वार्ता) जम्मू-कश्मी की ग्रीष्मकाली राजधानी श्रीनगर के नौगाम थाना में शुक्रवार देर रात हुए विस्फोट में एक पुलिस अधिकारी समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य लोग घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका […]

You May Like