
भोपाल। बिहार चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार में बहार है और एनडीए की बढ़त जनता के विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन की राजनीति को नई दिशा मिली है। लगातार लोकसभा चुनावों में विजय, राज्यों में दोहराई गई सफलता और अब बिहार के रुझान यह दर्शाते हैं कि जनता व्यवस्था, विकास और स्थिर नेतृत्व को चुन रही है।
डॉ. यादव ने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली के बाद अब बिहार ने भी यह संदेश साफ कर दिया है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुशासन की बयार बह रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके गठबंधन की अव्यवस्थाओं से जनता का भरोसा टूट चुका है, और एनडीए को हो रही बढ़त उसी जनमत का परिणाम है।
