
रीवा। शहर के चोरहटा थाना अन्तर्गत करहिया मंडी में ठेला लगाने को लेकर दो पक्षो में मारपीट हुई थी. संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई. आक्रोशित परिजन अस्पताल के गेट के सामने शव रखकर सुबह 11.30 बजे जाम लगा दिया. परिजन आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अड़े हुए थे. मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश दी एक घंटे बाद जाम खोला गया. इस दौरान शहर में जाम की स्थित निर्मित हो गई. जाम में कई एम्बुलेंस भी फसी रही.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 9 नवम्बर को करहिया मंडी में ठेला लगाने को लेकर अखिलेश साहू एवं आशुतोष सोंधिया के बीच विवाद हुआ था. मारपीट के दौरान आशुतोष सोंधिया ने फावड़े से हमला किया जिससे अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उपचार के दौरान हुई मौत के बाद परिजन शुक्रवार की सुबह 11.30 बजे शव लेकर अस्पताल गेट के बाहर आए और शव रखकर जाम लगा दिया. जिससे दोनो तरफ वाहन फस गये. सैकड़ो की संख्या में मौजूद लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे. मौके पर एएसपी, सीएसपी एवं चोरहटा थाना प्रभारी पहुंचे और समझाइश दी. साथ ही बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अलग-अलग टीम दबिश दे रही है. जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और जाम खोला गया. इस दौरान दोनो तरफ सैकड़ो की संख्या में वाहन फसे थे. कई एम्बुलेंस भी जाम में फसी थी. हालाकि बाद में पुलिस ने एम्बुलेंस को आने जाने का रास्ता बनाया.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस: एएसपी
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने बताया कि उपचार के दौरान घायल अखिलेश साहू की मौत हो गई है. जिसके बाद चोरहटा पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ाई है और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कई टीमे अलग-अलग दबिश दे रही है. परिजनो को समझाइश दी गई, जिसके बाद जाम खोला गया. जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
