जबलपुर:समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारी जोरों पर चल रही है। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार केंद्र बनाने के लिए अभी तक 47 सहकारी समितियों के प्रस्ताव आ चुके हैं। इसके अलावा खाद्य विभाग ने भी जिला पंचायत सीईओ को 55 महिला स्व- सहायता समूह के लिए चिट्ठी लिखी है।
जल्द ही समितियों का चयन होने के बाद गोदाम और वेयरहाउसों का भी चयन किया जाएगा, जहां समितियों द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष जिले में 102 केंद्रों पर धान उपार्जन का कार्य हुआ था।
कई वेयरहाउस अब भी भरे, नए माल के लिए जगह नहीं
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले में इस वर्ष लगभग 16 लाख मीट्रिक टन की धान मिलिंग नहीं हो पाई है। जिसके कारण अभी भी कई वेयरहाउस में धान रखी हुई है, जिसके चलते आगामी धान उपार्जन के लिए वेयरहाउस में पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। वहीं अधिकारियों को कहना है कि लगभग 75- 76 प्रस्ताव वेयरहाउसों द्वारा केंद्र बनाने के लिए भेजे गए हैं, परंतु वह सभी केंद्र गांव से काफी दूरी पर है, जिसके कारण अभी उन पर भी मुहर नहीं लगी है।
