
तेंदूखेड़ा/दमोह। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को तेंदूखेड़ा पुलिस ने ग्राम झलोन बस स्टैंड व झलोन चौराहे पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों और आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी रावेंद्र बागरी, प्रधान आरक्षक बृजेश तिवारी व पुलिस दल ने ग्रामीणों और राहगीरों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि ऑनलाइन लेनदेन के दौरान किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और मोबाइल पर आने वाले फर्जी कॉल, संदेश व सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे साइबर फ्रॉड से सतर्क रहें।
अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो वह बिना देर किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने का प्रयास किया जा सके।
