
भोपाल। राजधानी में गुरुवार को जिला परिवहन अधिकारी ने अपने दल के साथ देर रात्रि तक बसों की चेंकिंग की. यह चेकिंग आईएसबीटी बस स्टेंड पर की गई. जिन बसों की जांच की गई वह सभी भोपाल से दूसरे जिलों होशंगाबाद, बैतूल, रायसेन, जबलपुर सहित अन्य मार्गों पर संचालित की जाती है. यहां पर परिवहन अधिकारी और उनके साथ आए कर्मचारियों ने दो दर्जन से अधिक बसों के परमिट, किराया सूची, फिटनेस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की. इस दौरान पांच बसों से 1 लाख 7 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया. परिवहन अधिकारी जितेन्द्र शर्मा ने कहा बसों में सीट, खिडक़ी, दरवाजे जैसी कमियां होने पर यात्रियों के साथ दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है साथ बस के दरवाजे के पास या अन्दर किराया सूची चस्पा न होने पर यात्रियों के साथ अधिक किराया वसूले जाने की आशंका रहती है इसलिए इस तरह की कार्रवाई हम आगे भी करते रहेंगे.
इन कमियों की वजह से किया जुर्माना
आईएसबीटी बस स्टेंड पर परिवहन विभाग ने बसों की जांच के लिए औचक निरीक्षण की कार्रवाई की गई, जिसमें उन्होंने 2 बसों पर परमिट की शर्तो का उल्लंघन, तीन बसों में किराया सूची चस्पा न होने से जुर्माना किया गया. वहीं दो बसों के खिडक़ी, इमरजेंसी दरवाजे जैसी अन्य कमीं मिलने पर उनका फिटनेस प्रमाण पत्र निरस्त किया गया. इसके अलावा एक बस का परमिट ने मिलने पर जब्त किया गया.
