
सारनी। खनन क्षेत्र में नई तकनीकी पहल की शुरुआत हुई है,सारनी पाथाखेड़ा वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) पाथाखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत तवा-3 खदान में 09 अप्रैल 2026 को आधुनिक ‘इनक्लाइन ब्लास्टिंग’ कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह महत्वपूर्ण कार्य क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय एम. मिश्रा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिससे खनन क्षेत्र में तकनीकी उन्नयन की दिशा में एक नई पहल मानी जा रही है।
इस अवसर पर उपक्षेत्रीय प्रबंधक एम. सत्यानारायण सहित अमला अधिकारी (खनन) ए. के. सिंह, अमला अधिकारी (वि एवं या) भूपति राजू एवं अमला अधिकारी (सिविल) बनवारी लाल मीना विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों की उपस्थिति में इस परियोजना की शुरुआत ने खदान के विकास को नई गति प्रदान की।
जानकारी के अनुसार, पर्यावरण विभाग वेकोलि मुख्यालय एवं मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम के अधिकारियों द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए वृक्षारोपण स्थलों की पहचान एवं अंतिम चयन हेतु खदान क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण भी किया गया। यह पहल खनन के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान ‘रिसर्जेंट जेनेवल जेवी’ के प्रतिनिधियों द्वारा भी खदान का निरीक्षण किया गया। वहीं, नए एयर शाफ्ट की स्थापना के लिए स्थल चयन हेतु एम.ई.सी.एल. (मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड) के अधिकारियों की उपस्थिति ने परियोजना को और अधिक तकनीकी मजबूती प्रदान की।
खनन विशेषज्ञों का मानना है कि इनक्लाइन ब्लास्टिंग तकनीक के उपयोग से उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ-साथ कार्य की दक्षता और सुरक्षा स्तर में भी सुधार होगा। इस पहल से पाथाखेड़ा क्षेत्र की खदानों में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
