
भोपाल। गर्लफ्रेंड के सामने रुतबा दिखाने की चाह ने एक युवक को कार चोर बना दिया. पेशे से ड्राइवर युवक खुद को कार डीलर बताकर प्रेमिका पर रौब जमाता था. पहले वह मालिक या किराये की कार से उसे घुमाता रहा, लेकिन बढ़ते खर्च से बचने के लिए उसने अपने पूर्व मालिक की कार की नकली चाबी बनवा ली. छह महीने तक सही मौके का इंतजार करने के बाद तेज बारिश वाली रात कार चोरी की कोशिश की, लेकिन गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों की सतर्कता से रंगे हाथों पकड़ लिया गया.
बागसेवनिया थाना पुलिस के मुताबिक, कोकता बायपास निवासी 28 वर्षीय अनिल मीणा ड्राइवरी करता है,. करीब दो साल पहले पत्नी उसे छोडक़र चली गई थी. पिछले पांच-छह महीने से इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती अशोका गार्डन क्षेत्र की एक युवती से हुई थी. प्रेमिका को प्रभावित करने के लिए वह खुद को कार डीलर बताता था और अक्सर मालिक या किराये की कार लेकर उसे घुमाने जाता था. किराये का खर्च बढऩे पर उसने चोरी की योजना बनाई.
करीब छह महीने पहले नारायण नगर निवासी सुनील पांडे की बेटी की शादी में ड्राइवर रहते हुए उसने कार की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली. शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात वह किराये की कार से अपने दोस्त सुनील मेहरा के साथ निकला. तेज बारिश का फायदा उठाकर दोनों पांडे के घर पहुंचे और डुप्लीकेट चाबी से कार का लॉक खोल लिया. कार स्टार्ट नहीं होने पर धक्का देकर आगे ले गए और स्टार्ट करने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान गश्त पर तैनात आरक्षक राघवेंद्र यादव और रामप्रताप की नजर दोनों पर पड़ी. पूछताछ में दोनों घबरा गए और सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी चोरी की साजिश कबूल कर ली. पुलिस ने चोरी की कार और किराये की कार जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस के अनुसार दोनों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है.
