तिरुवनंतपुरम, (वार्ता) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन विधानसभा में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने की मांग को लेकर नियम 118 के तहत एक विशेष प्रस्ताव पेश करेंगे।
प्रदेश में सत्ताधारी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार श्री ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते विपक्षी विरोध के बीच यह प्रस्ताव ला रही है। केरल में मुख्य विपक्षी पार्टी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने प्रस्ताव को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
यह कदम मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर श्री कुमार की बढ़ती आलोचना और विपक्षी पार्टियों द्वारा उनके इस्तीफे की मांग के बीच उठाया गया है।
केरल मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग करने वाला ऐसा प्रस्ताव पारित करने वाला पहला राज्य बनने वाला है।
इस बीच, विपक्षी पार्टियों और वाम संगठनों ने श्री कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नयी दिल्ली में अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा है। कई प्रदर्शनकारियों और नेताओं ने प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाया है।
केरल विधानसभा के इस कदम से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के अभियान को और राजनीतिक समर्थन मिलने की उम्मीद है।
