सतना : सतना-जबलपुर रेलखण्ड के झकेही रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस की एक बोगी में फायर अलार्म बजने की घटना को अभी 24 घंटे बीते ही थे कि अगले दिन सतना-मानिकपुर रेलखण्ड पर जनता एक्सप्रेस के रसोईं यान के नीचे धुआं उठने की घटना से यात्री सहम गए. इस घटना के चलते टिकरिया रेलवे स्टेशन के निकट 10 मिनट तक खड़ी रही. मौके पर खामी को दुरुस्त करने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 13201 राजगीर लोकमान्य तिलक टर्मिनस जतना एक्सपे्रस ट्रेन मानिकपुर रेलवे स्टेशन से निकलने के बाद दोपहर लगभग ढाई बजे जैसे ही टिकरिया रेलवे स्टेशन के निकट पहुंची वैसे ही ट्रेन के रसोईं यान के नीचे से अचानक धुआं उठता नजर आने लगा. कुछ जलने जैसी गंध और धुआं उठता देख अगल बगल की बोगियों ममें सवार यात्रियों के बीच हडक़ंप मच गया.
गनीमत इस बात की रही कि जिस वक्त धुआं उठता नजर आया उस दौरान ट्रेन रुक रही थी. ट्रेन के रुकते ही ट्रेन के गार्ड और लोको पायलट सहित कुछ अन्य स्टॉफ ट्रेन से नीचे उतर गया. इसी कड़ी में पैंट्री कार के कर्मचारी भी नीचे उतर गए. रसोई यान के नीचे जिस स्थान से धुओं उठता नजर आया वहीं पर फायर सिलेंडर का उपयोग करते हुए धुएं को नियंत्रित कर लिया गया. जिसके बाद पहिए और एक्सल की जांच की गई. फौरी तौर पर किसी तरह की गड़बड़ी नहीं पाए जाने पर 10 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया. ट्रेन के सतना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पहले से मौजूद तकनीकी अमले द्वारा बारीकी से जांच की गई. जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया.
जाम हो गए थे ब्रेक
बताया गया कि इस तरह की घटना ट्रेन में चैन पुलिंग किए जाने के कारण सामने आई. चलती ट्रेन में चैन पुलिसंग किए जाने से ब्रेक ने पहियों को पूरी तरह से जकड़ लिया. लिहाजा जबरदस्त घर्षण के कारण रसोई यान के नीचे स्थित पहियों से धुआं उठने लगा. गौरतलब है कि अवैध वेण्डरों के लिए कुख्यात हो चुके मानिकपुर-सतना रेलखण्ड पर इस तरह की मनमानी धमाचौकड़ी किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण भी बन सकती है.
