
सीहोर।लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय पर यूनिटी मार्च पदयात्रा आयोजित की गई. यह यात्रा आवासीय खेल परिसर से प्रारंभ हुई तथा नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए अटल चौक पर यात्रा का समापन हुआ.
कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना और एकता की भावना को मजबूत करना है. यह पदयात्रा सरदार पटेल के एक भारत, अखंड भारत के अडिग़ विश्वास को आगे बढ़ाएगी. सरदार पटेल के योगदान को आने वाली पीढ़ी को बताना हमारा दायित्व है. सांसद श्री शर्मा ने भोपाल विलीनीकरण आंदोलन का उल्लेख करते हुए सरदार पटेल के योगदान के बारे में बताया.
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा तथा नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने पदयात्रा के उद्देश्य और सरदार पटेल के योगदान के बारे में बताया. पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर सांसद आलोक शर्मा ने राष्ट्रीय एकता तथा आत्मनिर्भर भारत का संक्ल्प दिलाया. यात्रा के समापन पर सभी ने नशामुक्त भारत बनाने की शपथ ली. पद यात्रा में पिछड़ वर्ग आयोग के सदस्य श्री सीताराम यादव, कलेक्टर बालागुरू के, एसपी दीपक कुमार शुक्ला, गौरव सन्नी महाजन, राजुमार गुप्ता, पंकज गुप्ता, सुदीप प्रजापति, एससीसी, स्काउट-गाइड, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए.
पद यात्रा का भव्य स्वागत
पद यात्रा यूनिटी मार्च आवासीय खेल परिसर भोपाल नाका से शुरू होकर इंग्लिशपुरा, कोतवाली चौराहा, मैन रोड बाजार क्षेत्र निकली तथा अटल चौक पर समापन हुआ. यात्रा मार्ग में जगह जगह बनाए गए मंचों से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर पदयात्रा का भव्य स्वागत किया गया. आवासीय खेल परिसर में कन्या शिक्षा परिसर, शासकीय कस्तूरबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा संदीपनी विद्यालय की छात्राओं द्वारा जनजातीय संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरते समूह नृत्य की सराहनीय प्रस्तुति दी.
