शिवपुरी:चोरी के तमाम अजीबोगरीब मामले सुने होंगे। ऐसे भी कई मामले सुने होंगे जिसमें कोई छोटी सी चीज़ की चोरी पर भी मामला गर्मा गया हो। ऐसा ही एक मामला शिवपुरी से निकलकर आ रहा है जहां प्रतिदिन घर पर आने वाला अखबार घर के दरवाजे से चोरी हो जाता है और इस चोरी की लिखित शिकायत फरियादी द्वारा संबंधित थाने में की जाती है। अखबार चोर भी कोई गरीब बदहाल नहीं बल्कि हाई प्रोफाइल है क्योंकि यह चोर बाकायदा कार से अखबार चुराने आया था। इस पूरे मामले को सुनकर फरियादी के परिचित और पड़ोसी भी हैरान हैं।
मामला शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जहां महल रोड पर रहने वाले एक अधिवक्ता के घर के गेट पर रोज की तरह अख़बार फेंकने वाला अखबार फेंककर चला जाता है। थोड़ी देर में कार सवार युवक आते हैं। कार से एक युवक उतरता है। अखबार चोरी करता है और कार में बैठकर भाग जाता है। इस पूरे मामले में फरियादी अधिवक्ता संजीव बिलगइया का कहना है कि वे अपने साथी अधिवक्ता गजेंद्र यादव के साथ एक केस के संबंध में चर्चा कर रहे थे।
उसी समय उन्होंने देखा कि एक कार क्रमांक एमपी 07 सीई 6329 उनके गेट पर आकर रुकी। कार में से युवक निकला उसने गेट पर पड़ा अखबार उठाया और भागकर कार में बैठा और चलता बना। फरियादी अधिवक्ता संजीव का यह भी कहना है कि सब कुछ उनकी आंखों के सामने घटित बाहर भी गए। कार के पीछे भागे कार वाले युवकों को आवाज़ लगाई। उन युवकों ने फरियादी को देखकर भी नजरअंदाज किया और वहां से अखबार चोरी करके भाग निकलेव इसके बाद अधिवक्ता संजीव ने संबंधित थाने में अखबार चोरी की शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर पता लगाया है कि अख़बार चोर आरोपी ग्वालियर निवासी जाकिर खान है।
