इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज इंदौर में बस ऑपरेटरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बस स्टाफ के आचरण में अनुशासन लाना था. बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, उनके लिए सुविधाएं, यात्रियों के साथ शालीन और सदव्यवहार और यातायात की सुगमता के लिए बस संचालन के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए. कलेक्टर ने कहा कि जारी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाये. पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कलेक्टर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. बस संचालन ऐसा हो जिससे किसी यात्री को असुविधा या परेशानी नहीं हो. यातायात नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए, और किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. बैठक में अपर कलेक्टर रोशन राय, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और बस ऑपरेटर मौजूद थे. उन्होंने बताया कि हाल ही में एक बस स्टाफ द्वारा की गई एक घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने पुलिस कार्रवाई की है. साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी. बैठक में पुलिस, आरटीओ और जिला प्रशासन की टीमों के साथ सभी प्रमुख बस ऑपरेटर मौजूद रहे.
सुरक्षा सुविधाएं अनिवार्य रूप से हो
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि बसों में लाइटिंग, जीपीएस, आपातकालीन बटन, पीने के पानी जैसी सुरक्षा सुविधाएं अनिवार्य रूप से कार्यशील रहें। ड्राइवर, कंडक्टर और स्टाफ नशीले पदार्थों का सेवन न करें, यूनिफॉर्म में रहें और यात्रियों से शालीन व्यवहार करें. सभी वाहनों की नियमित फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस जांच की जाए. बसों में किसी प्रकार की अनैतिक या असुरक्षित गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाए. संचालक स्वयं अपनी बसों की सेफ्टी इम्पिमेंट्स की जांच करें और ज्वलनशील या जोखिमपूर्ण सामग्री के उपयोग पर प्रतिबंध रखें. श्री वर्मा ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
