
भोपाल। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश के सभी पुराने बांधों और जलाशयों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 25 वर्ष से अधिक पुराने बांधों का सर्वे कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए। उन्होंने बुधवार को केरवा बांध का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त फुट ब्रिज की जांच कर एक सप्ताह में प्राक्कलन तैयार किया जाए और पाँच माह में पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया जाए। मंत्री ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रत्येक बेसिन के मुख्य अभियंता हर सप्ताह एक जिले का निरीक्षण करें। ज्ञात हो कि 1980 में पूर्ण हुए केरवा बांध का एक स्पान मंगलवार को क्षतिग्रस्त हो गया था।
