
भोपाल। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार को भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र (क्रमांक 150) के पुतलीघर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अंतर्गत बीएलओ द्वारा मतदाता सूची अद्यतन, मैपिंग और पोर्टल अपडेट कार्य की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र का सर्वेक्षण त्रुटिरहित और पारदर्शी रूप से किया जाए। उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 95, 101, 111, 115, 119, 121, 129, 131 और 136 पर चल रहे कार्यों की स्थिति देखी तथा बीएलओ से BLO ऐप संचालन और फील्ड वेरिफिकेशन की जानकारी ली। निरीक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता, एआरओ दिनकर चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने समयसीमा में कार्य पूर्ण करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
