इंदौर: प्रशासन के प्रतिबंध आदेश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाल दी. बड़गोंदा पुलिस ने मामले में पांच नामजद समेत करीब 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. यह रैली “विकास न्याय यात्रा” के नाम पर ग्राम जामली से शुरू होकर महू तहसील कार्यालय तक निकाली गई थी.आरक्षक रवि राजावत ने बताया कि उन्हें ग्राम जामली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ट्रैक्टर रैली निकालने की जानकारी मिली.
मौके पर पहुंचने पर पाया कि शक्ति सिंह गोयल, कन्हैयालाल ठाकुर, बैकुंठ पटेल, ओम पटेल और कृष्णा गोयल करीब 40–50 ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से रैली निकाल रहे थे. यह रैली जामली से होते हुए गवली पलासिया, डोंगरगांव और महू होते हुए तहसील कार्यालय महूगांव तक पहुंची. अधिकारियों का कहना है कि यह आयोजन बिना प्रशासनिक अनुमति के किया, जबकि अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, इंदौर द्वारा जारी आदेश के तहत जिले में किसी भी रैली, जुलूस या धरना-प्रदर्शन पर रोक लगी हुई
है. पुलिस ने शक्ति सिंह गोयल सहित अन्य आयोजकों पर प्रकरण दर्ज किया है. रैली की वीडियोग्राफी भी की है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. थाना बड़गोंदा प्रभारी के अनुसार, प्रतिबंध आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में बिना अनुमति सार्वजनिक आयोजन न किए जाएं
