चंडीगढ़ 05 जून (वार्ता) हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेशभर में बूंदाबांदी और बारिश का दौर शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के 16 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बुधवार की तुलना में गुरुवार को 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। रोहतक में सबसे अधिक 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली।
