सिर्फ कागजों पर नहीं चलेगा काम, फील्ड पर रहना होगा मुस्तैद: निगमायुक्त

जबलपुर: शहर के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करने के लिए नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने लोककर्म विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में निर्देश दिए हैं कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की क्वालिटी से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा के लिए बनाई जा रही सड़कें, नालियां और अन्य निर्माण कार्य मानक मानदंडों के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘अधोसंरचना विकास के कार्यों में गुणवत्ता हमारी प्राथमिकता है। बेहतर कार्य प्रणाली से ही हम शहर को लंबी अवधि तक चलने वाली संपत्तियां दे सकते हैं। ‘ बैठक में निगमायुक्त ने ये भी कहा कि अब केवल कागजों पर काम नहीं चलेगा।

अधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड में भ्रमण कर निर्माण कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने और क्वालिटी चेक करने की जरूरत है। जानकारी के अनुसार अब सभी संभागीय यंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की विस्तृत पीपीटी बनाकर निगमायुक्त के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। इसमें कार्य की प्रगति और पूर्ण होने की समय-सीमा का स्पष्ट उल्लेख होगा। बैठक में अपर आयुक्त वी एन बाजपेई,अरविंद सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा के साथ सभी संभागों के संभागीय यंत्री उपस्थित रहे

Next Post

सड़क हादसे में डीएफओ शहडोल के रिश्तेदार सहित ड्राइवर की मौत

Fri Dec 26 , 2025
शहडोल: दक्षिण वनमंडल शहडोल की डीएफओ श्रद्धा पेंद्रे के परिवार के साथ भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार बीती रात शहडोल से बांधवगढ़ जा रही बोलेरो वाहन घुनघुटी मदारी ढाबा के पास ओवरटेक के दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बोलेरो चालक की मौके […]

You May Like