
रीवा। दीपावली के पर्व पर पुलिसकर्मी द्वारा अपनी ही पत्नी के साथ बेरहमी मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. पत्नी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने दीपावली पर पति के साथ घर जाने की जिद की थी और पूजा का सामान मंगाया था. इस बात से नाराज होकर पति ने पत्नी को पहले तो बेरहमी पूर्वक डंडों से मारपीट की, फिर उसे घायल अवस्था में ही पूरा दिन कमरे में बंद कर चला गया. पीडि़त पत्नी ने बिछिया थाने पहुंचकर पुलिसकर्मी पति के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताडि़त करने और मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले को जांच में लिया है. दरअसल मामला शहर के बिछिया थाना क्षेत्र स्थित विंध्याचल कॉलोनी पुलिस लाइन का है. पीडि़ता सावित्री बर्मन ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके पति राजीव वर्मा पुलिस विभाग रीवा में पदस्थ हैं, जिनकी शादी साल 2016 में हुई थी. पीडि़ता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति द्वारा उसे दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था, जिस कारण पूर्व में उसने पन्ना जिले के कुटुंब न्यायालय में गुहार भी लगाई थी, जहां समझौता होने के बाद पति पत्नी को पुन: अपने साथ रीवा ले आया. बताया गया कि दीपावली के मौके पर पत्नी ने पति के साथ उसके घर सतना जाने की जिद की थी, लेकिन पति ने साथ घर ले जाने से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं आरोप है कि पत्नी ने पति से पूजा की सामग्री भी मंगाई लेकिन उसने पूजा सामग्री लाने की बजाय पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. पत्नी की शिकायत पर बिछिया थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
