मुरैना: जिले के कैलारस अस्पताल में रात्रि ड्यूटी कर रहे डॉक्टर बलबीर धाकड़ के साथ भाजपा नेता और उसके परिजनों द्वारा दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि रात दो बजे भाजपा नेता और उसके सहयोगी डॉक्टर को जबरन अस्पताल से उठाकर अपने घर ले गए, जहां उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। घटना के विरोध में डॉक्टरों ने थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ अपहरण और शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज करने की मांग की है।
कैलारस अस्पताल में तैनात डॉ. बलबीर धाकड़ रात करीब 2 बजे ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान कैलारस नगर पालिका अध्यक्ष के पति एवं भाजपा नेता ब्रजेश बंसल, उनके भतीजे सूरज बंसल और करीब पांच अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने डॉ. धाकड़ से गाली-गलौज करते हुए धमकाया और जबरन अपनी गाड़ी में डालकर अपने घर ले गए।
अस्पताल की महिला डॉक्टर पूजा धाकड़ ने बताया कि यह घटना उनकी आंखों के सामने हुई। उन्होंने कहा रात दो बजे भाजपा नेता अपने साथियों के साथ आए और डॉक्टर बलबीर को जबरन ले जाने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो नेता ने कहा, ‘तू क्या, तेरा बाप भी जाएगा। यहां विधायक भी होता तो वो भी जाता।’ इसके बाद उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर ले जाया गया।”
डॉक्टर पूजा ने कहा कि एक घंटे बाद डॉक्टर बलबीर को छोड़ा गया, लेकिन इस घटना से अस्पताल स्टाफ दहशत में है। उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि अगर यह हालात पुरुष डॉक्टर के साथ हैं, तो महिला डॉक्टरों की सुरक्षा कौन करेगा।
