इंदौर: चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में मंगलवार को राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी के बयान शिलांग की अदालत में दर्ज किए गए. अदालत में कार्रवाई दोपहर करीब 3.20 बजे शुरू हुई और शाम 5.30 बजे तक चली. समय की कमी के चलते गवाही अधूरी रह गई, जिसके बाद अदालत ने आगे की सुनवाई के लिए 26 नवंबर की तारीख तय की है.
शिलांग से विपिन रघुवंशी ने नव भारत को बताया कि अदालत में राजा की गुमशुदगी की रिपोर्ट, एफआईआर, सगाई और विवाह से जुड़ी जानकारी मांगी गई. जिस पर उन्होंने बताया कि राजा और सोनम की सगाई और शादी दोनों 11 मई को ही संपन्न हुई थी. विपिन रघुवंशी ने यह भी बताया कि उन्हें अब तक पुलिस की ओर से चार्जशीट की प्रति नहीं दी गई है. वे सोमवार सुबह इंदौर से फ्लाइट द्वारा शिलांग के लिए रवाना हुए थे.
बोर्डिंग में देरी होने से उन्हें अपना सामान छोड़ना पड़ा. इंदौर से दिल्ली और वहां से गुवाहाटी होते हुए उन्होंने सड़क मार्ग से रात करीब 9.30 बजे शिलांग पहुंचे. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वे कोर्ट पहुंचे, जहां दोपहर बाद उनका बयान दर्ज किया. अब 26 नवंबर को अदालत में उनके शेष बयान दर्ज किए जाएंगे. उनका कहना है कि इंदौर आकर वह विस्तृत चर्चा करेंगे.
