दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए कार धमाके ने पूरे देश को हिला दिया. यह घटना केवल एक आतंकी हमला नहीं, बल्कि हमारी आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की कमजोर नसों को उजागर करने वाला चेतावनी संकेत है. राष्ट्र की राजधानी, जहां हर कदम पर सुरक्षा के कठोर प्रावधान होने चाहिए, वहां इस तरह का विस्फोट होना हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या हम तकनीकी और मानवीय सतर्कता के बीच संतुलन बनाए रखने में कहीं चूक रहे हैं. यह दुखद है कि नौ निर्दोष जिंदगियां चली गईं और कई नागरिक घायल हुए. शुरुआती जांच में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के संकेत मिलना इस बात का प्रमाण है कि संगठित आतंक अब केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हमारे शहरी ढांचे की गहराई तक अपनी जड़ें फैला चुका है. पुलवामा और उरी जैसी घटनाएं हमें पहले ही चेतावनी दे चुकी हैं कि आतंक का स्वरूप अब बदल चुका है,यह ‘अनदेखी दरारों’ से प्रवेश करता है, और उन दरारों में हमारी सुस्ती, असावधानी, तथा समन्वयहीनता शामिल है. देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब ‘चेतावनी पर त्वरित प्रतिक्रिया’ की है. किसी भी राज्य या एजेंसी के पास असीम संसाधन नहीं होते, इसलिए सुरक्षा चक्र में नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण बन जाती है. यदि आम आदमी किसी संदिग्ध हलचल, वाहन या लावारिस वस्तु को तुरंत सूचना तंत्र तक पहुंचाए, तो अनेक संकटों को टाला जा सकता है. दुर्भाग्य यह है कि हमारा समाज अभी भी ‘जब तक खुद पर असर न पड़े, तब तक मौन रहो’ की प्रवृत्ति से बाहर नहीं आया है. यही निष्क्रियता आतंकवादियों का सबसे बड़ा हथियार बनती जा रही है.
सोशल मीडिया के दौर में अफवाहें और भय फैलाने वाले संदेश, किसी भी गोली या बम से अधिक नुकसानदेह साबित हो सकते हैं. असत्य सूचनाएं न केवल जन-मन में अस्थिरता फैलाती हैं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के वास्तविक प्रयासों को भी भ्रमित करती हैं. ऐसे समय में ‘सूचना-संयम’ भी देशभक्ति का एक रूप है,केवल अधिकारियों द्वारा जारी पुष्ट सूचनाओं पर भरोसा करना ही विवेकपूर्ण आचरण है. दिल्ली विस्फोट ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि हमारी खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता है. सूचना का प्रवाह जितना तेज़ और पारदर्शी होगा, उतनी ही शीघ्रता से खतरे को निष्क्रिय किया जा सकेगा. तकनीक अब केवल निगरानी का उपकरण नहीं, बल्कि सुरक्षात्मक पूर्वानुमान का साधन बन सकती है. यदि सीसीटीवी नेटवर्क में रीयल-टाइम एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित अलर्ट सिस्टम शामिल किए जाएं, तो संदिग्ध गतिविधियां तुरंत पहचान में आ सकती हैं.
लाल किला, हवाई अड्डे, मेट्रो स्टेशन, धार्मिक स्थल,ये सब ‘सॉफ्ट टार्गेट’ हैं जिन्हें हर संभव सुरक्षा परत की आवश्यकता है. प्रशिक्षित क्विक रिस्पॉन्स टीमें, साइबर इंटेलिजेंस यूनिटों का सशक्त समन्वय, और जनता के लिए सरल रिपोर्टिंग चैनल,ये तीन स्तंभ आधुनिक सुरक्षा नीति के अनिवार्य घटक हैं. हर बार जब कोई धमाका होता है, हम तत्काल अलर्ट जारी करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे वही सतर्कता शिथिल हो जाती है. असल समाधान उसी दिन से शुरू होता है, जब सतर्कता ‘आदत’ बन जाती है. कोई भी तकनीक, कोई भी हथियार उस जागरूकता की भरपाई नहीं कर सकता जो एक सजग नागरिक के पास होती है.
यह विस्फोट हमें याद दिलाता है कि सुरक्षा केवल सीमाओं की रक्षा नहीं, बल्कि हर चेतन आंख और हर जिम्मेदार कदम का साझा संकल्प है. जब हम सब मिलकर “सावधानी ही सुरक्षा है” को जीवन का स्थाई सिद्धांत बना लेंगे, तभी राष्ट्र वास्तव में सुरक्षित होगा.
