हैदराबाद, 23 मई (वार्ता) अंबाती रायुडू के अनुसार स्टार खिलाड़ियों से भरी मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा नहीं रहने से इशान किशन को आज का खिलाड़ी बनने में मदद मिली है।
रायुडू ने ईएसपीएन पर एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “किशन मुंबई जैसी टीम में बड़े होते हुए सुपरस्टार बनना चाहते थे, लेकिन अब वह अपने दम पर सुपरस्टार हैं। एमआई में अपने आसपास इतने बड़े सितारों के बीच स्वयं को साबित करना बहुत मुश्किल रहा होगा। वे खिलाड़ी जानते हैं कि अपने खेल को कब ऑन करना है और कब वापसी करनी है। लेकिन कई युवा खिलाड़ी यह नहीं समझ पाते कि कब खुद को ऑफ करना है और कब ऑन करना है। यह बहुत बड़ी चुनौती होती है और मुझे यक़ीन है कि उन्होंने यह चीज सीखी है और मुश्किल तरीके से सीखी है।”
किशन इस समय आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप सूची में पांचवें स्थान पर हैं। अब तक 14 मैचों में उन्होंने 40.64 की औसत और 178.36 के स्ट्राइक रेट से 569 रन बनाए हैं। शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ख़िलाफ़ उनकी 46 गेंदों में 79 रन की पारी, इस सीजन में उनका छठा 50 प्लस का स्कोर था, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इससे पहले उन्होंने किसी भी आईपीएल सीजन में तीन से ज़्यादा 50 स्कोर नहीं बनाए थे।
उन्होंने कहा, “उनकी शॉट सिलेक्शन में बहुत बड़ा सुधार आया है। शुरुआती वर्षों में हमने उन्हें शॉट चयन को लेकर कई ग़लत फ़ैसले लेते देखा था। लेकिन यहां हमने देखा कि वह ज़्यादातर समय सही फैसला ले रहे थे। मुझे लगता है कि झारखंड की कप्तानी ने उन्हें अपने खेल को लेकर बहुत सी चीज़ें समझाई हैं। कई बार कप्तानी मिलने के बाद खिलाड़ी बेहतर बल्लेबाज बन जाते हैं और वह उन्हीं में से एक हैं, जिन्होंने स्पष्टता के मामले में जबरदस्त सुधार किया है।”
