भोपाल: बुंदेली मार्शल आर्ट के संरक्षण और संवर्धन में जीवन समर्पित करने वाले सागर निवासी 83 वर्षीय भगवानदास रायकवार को पद्मश्री सम्मान मिलने से प्रदेश की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। इस अवसर पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने वीडियो कॉल के माध्यम से रायकवार से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मंत्री सारंग ने कहा कि बिना सरकारी सहयोग के वर्षों तक परंपरागत खेल विधाओं को जीवित रखना असाधारण साधना का परिचायक है। उन्होंने बुंदेली मार्शल आर्ट को मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसे युवाओं से जोड़ने और खेल विभाग के अंतर्गत लाने के लिए ठोस पहल का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ऐसे साधकों को सम्मानित करना भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। मंत्री ने रायकवार के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और साधना आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनेगी।
