भंडारा, (वार्ता) महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए जाने पर सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निलंबित कर्मचारियों में भंडारा डिपो का एक कर्मचारी भी शामिल है। निगम के सुरक्षा एवं सतर्कता विभाग ने उप मुख्य सुरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी की देखरेख में औचक निरीक्षण शुरू किया था। इसी दौरान जाँच में भंडारा डिपो के एक कर्मचारी को शराब पीकर ड्यूटी पर आते पाया गया, जिसके बाद उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया। जांच के बाद शराब के नशे में पाए गए विभिन्न जिलों के कुल सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया।
एमएसआरटीसी के अधिकारियों ने आगे कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और राज्य द्वारा संचालित परिवहन सेवा में जनता का विश्वास बहाल करना है।
हजारों यात्री प्रतिदिन एमएसआरटीसी बसों पर निर्भर रहते हैं, और हाल ही में कर्मचारियों द्वारा नशे में वाहन चलाने की घटनाओं ने सुरक्षा संबंधी चिंताएँ बढ़ा दी हैं।
