
ब्यावरा। गुरुवार को राजगढ़ रोड पर बामलाबे जोड़ के यहां तेज रफ्तार कंटेनर ने एक यात्री बस को पीछे से जोर की टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पलटी खा गई. हादसे में बस के चालक का प्राणांत हो गया जबकि 17 यात्री घायल हो गये इनमें 5 को गंभीर चोट आने पर राजगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया.
पुलिस के अनुसार सांई कृपा ट्रेवल्स की यात्री बस राजगढ़ से ब्यावरा की और आ रही थी कि प्रात: करीब 10 बजे बामलाबे जोड़ के यहां यह हादसा हो गया. जैसे ही स्पीड ब्रेकर के यहां बस की गति धीमे हुई पीछे से तेज रफ्तार आ रहे कंटेनर क्रमांक एच.आर.56 बी 3413 ने बस को जोर की टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बस उछलते हुए पलटी खा गई. बस चालक राजगढ़ निवासी छोटेलाल मेवाड़े उम्र 55 वर्ष ने बस के नीचे दब जाने से गंभीर चोट के चलते दम तोड़ दिया.
जबकि बस में सवार यात्री हरलाल बंजारा उम्र 67 वर्ष निवासी बंजारा पुरा, आदिल खान उम्र 28 वर्ष निवासी राजगढ़, अभिषेक उम्र 34 वर्ष निवासी राजगढ़, सुनील मेवाड़े उम्र 38 वर्ष निवासी राजगढ़, पवन मेवाड़े उम्र 35 वर्ष निवासी राजगढ़, इकबाल खान उम्र 42 वर्ष निवासी राजगढ़, राधेश्याम उम्र 32 वर्ष निवासी ब्यावरा, अभिजीत उम्र 38 वर्ष निवासी राजगढ़, मंजू वर्मा उम्र 30 वर्ष निवासी राजगढ़, सुनील तिवारी उम्र 41 वर्ष निवासी सतना, वासीम खान उम्र 37 वर्ष निवासी राजगढ़, शक्ति चौहान उम्र 21 वर्ष निवासी पाका, फैजल खान उम्र 34 वर्ष निवासी राजगढ़, सत्यनाराण उम्र 32 वर्ष निवासी राजगढ़, राकेश वर्मा उम्र 30 वर्ष निवासी राजगढ़, चंदर सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी कालीसिंध, लोकेन्द्र उम्र 30 वर्ष निवासी राजगढ़ शामिल है.
मदद को दौड़ पड़े लोग
बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. चीख पुकार सुनाई देने लगी. आसपास मौजूद लोग, राहगीर यात्रियों की मदद के लिए दौड़ पड़े. सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची. यात्रियों को बस से बाहर निकाला तथा सिविल अस्पताल ब्यावरा लाया गया.
देखरेख में जुटा अस्पताल प्रबंधन
घटना की जानकारी लगते ही सिविल अस्पताल प्रबंधन सतर्क हो गया. घायलों के अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक, कर्मचारी उपचार में जुट गये. बड़ी संख्या में परिजन, नागरिक भी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों की देखरेख में जुट गये.
घायलों में कई कर्मचारी भी
बस में सवार यात्रियों में आधा दर्जन यात्री विद्युत विभाग के कर्मचारी है जो कि ब्यावरा स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में पदस्थ होकर प्रतिदिन राजगढ़ से ब्यावरा आते-जाते है. रोज की तरह यह बस से ब्यावरा आ रहे थे कि यह घटना हो गई. जानकारी लगते ही विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी अस्पताल पहुंचे तथा कर्मचारियों की देखरेख में लग गये.
कंटेनर जप्त, चालक फरार
पुलिस के अनुसार बस को टक्कर मारने वाले कंटेनर को जप्त कर लिया गया है. चालक कंटेनर छोड़ भाग निकला. पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(2,3), 106 बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज किया है.
