इंफाल, (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मणिपुर के जिरीबाम जिले के बोरेबेकरा इलाके में तीन बच्चों और तीन महिलाओं सहित छह लोगों की नृशंस हत्या के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी।
यह भयावह घटना 11 नवंबर 2024 को हुई जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
तीन महिलाएं और तीन बच्चे सभी मेइती समुदाय के थे जिनकी संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने अपहरण कर हत्या कर दी थी और बाद में उनके शवों को बराक नदी में फेंक दिया था।
आज जारी एक बयान में एनआईए ने असम के कछार जिले के मोइनाथोल दिलकशोश घाट निवासी थांगलीनलाल हमार उर्फ बोया की गिरफ्तारी की पुष्टि की।
एनआईए और असम पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई यह गिरफ्तारी नरसंहार के पीछे की साजिश का पर्दाफाश करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मणिपुर उच्च न्यायालय ने हाल ही में एनआईए को मामले में आरोपपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया था।
