अमोनियम नाइट्रेट, फ्यूल, डेटोनेटर से किया था ब्लास्ट!

नई दिल्ली। लाल किले के पास सोमवार को हुए धमाके में पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट, फ्यूल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया है।
उधर, आज दिल्ली धमाके के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने घर पर बैठक ली। इस दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने सहभागिता की। एनएसजी ने जो रिपोर्ट तैयार की थी, डेढ़ घंटे तक चली बैठक के दौरान गृहमंत्री शाह को दी गई।
एक और डॉक्टर आया सामने
उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा छापेमारी के बाद डॉ परवेज़ अंसारी का सहारनपुर से संबंध सामने आया है। परवेज़ अंसारी के घर से जो कार बरामद हुई है, वह सहारनपुर आरटीओ से रजिस्टर्ड है। यह खुलासा अहम है क्योंकि फरीदाबाद मॉड्यूल में गिरफ्तार किया गया दूसरा डॉक्टर आदिल भी सहारनपुर का ही रहने वाला है। अंसारी की कार (UP11BD3563) पर इंटीग्रल यूनिवर्सिटी का Car Pass लगा हुआ मिला है। एटीएस इस बात की जांच कर रही है कि क्या परवेज़ और पहले से गिरफ्तार डॉ आदिल के बीच कोई तालमेल था या नहीं।
जांच में यह बात सामने आई है कि फरीदाबाद मॉड्यूल में पकड़ा गया डॉक्टर आदिल भी सहारनपुर से जुड़ा हुआ है।एक ही जिले से दो डॉक्टरों का एक जैसे मामलों में सामने आना जांच एजेंसियों के लिए गंभीर विषय है।
अल फलाह यूनिवर्सिटी, मस्जिदों में भी तलाशी
फरीदाबाद पुलिस ने अल फलाह यूनिवर्सिटी की घेराबंदी की है। बाहर भारी संख्या में फोर्स तैनात है। अंदर जांच हो रही है। 2900kg विस्फोटक के मामले में अरेस्ट 3 डॉक्टरों का संबंध इस यूनिवर्सिटी से निकला था। फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गांव में पुलिस मस्जिदों में जांच कर रही है । हमले के पीछे जैश-ए-मोहम्मद का लिंक जुड़ता दिख रहा है, क्योंकि धमाका फरीदाबाद से एक कश्मीरी डॉक्टर के मकान से कुल 2,900 किलोग्राम संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट तथा हथियारों और गोलाबारूद का जखीरा बरामद होने के कुछ घंटों बाद हुआ। 15 दिन के अभियान के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों में कश्मीर के डॉ. मुजम्मिल गनी भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन चिकित्सकों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2,900 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किया गया। यह मॉड्यूल कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।

मसूद बहन जैश की महिला विंग हेड डॉ. शाहीना गिरफ्तार

फरीदाबाद से अरेस्ट हुई जैश की महिला विंग हेड डॉ शाहीना की पहली तस्वीर आई सामने आई है। गिरफ्तार डॉक्टर शाहीना को आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग “जमात-उल-मोमिनात” की भारत में कमान सौंपी गई थी। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, शाहीना को भारत में महिलाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और संगठन के लिए भर्ती करने की जिम्मेदारी दी गई थी। यह महिला विंग जैश की नई रणनीति का हिस्सा है, जिसमें महिलाओं को मनोवैज्ञानिक युद्ध, प्रचार और फंडिंग जैसे कार्यों में शामिल किया जा रहा है। इस संगठन की अगुवाई पाकिस्तान में मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर कर रही है। सादिया का पति यूसुफ अजहर कंधार हाईजैक मामले में एक प्रमुख मास्टरमाइंड था। जैश ने महिलाओं को धार्मिक जिम्मेदारियों और जिहाद के नाम पर जोड़ने की योजना बनाई है, जिसमें उन्हें प्रशिक्षण देकर संगठन के मिशन में शामिल किया जा रहा है। भारत में डॉक्टर शाहीना जैसे लोगों के जरिए यह नेटवर्क फैलाने की योजना थी।

टेलीग्राम ग्रुप में जुड़े थे डॉक्टर

एनडीटीवी रिपोर्टर मुकेश सेंगर ने बताया कि अल फला यूनिवर्सिटी करीब 70 एकड़ में फैली है। वहां सैकड़ों छात्र पढ़ते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या शाहीना ने और भी छात्रों या अपने साथ काम करने वालों को जिहाद के काम के लिए मोटिवेट किया है? जानकारी मिली है कि टेलीग्राम पर एक ग्रुप बना हुआ था, जिसमें लोगों को रेडिक्लाइज किया जा रहा था और इसी ग्रुप में कई सारे डॉक्टर थे, जो मारे गए हैं या पकड़े गए हैं। इसके अलावा पाकिस्तान में बैठे हैंडलर सोशल मीडिया ऐप के जरिए इनके संपर्क में थे।खासकर शाहीना को ये जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि वह भारत में महिलाओं को जिहाद के मोटिवेट करे और उन्हें आतंक के लिए भर्ती करें।

जैश-ए-मोहम्मद कई देशों में बैन

  • आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद (JeM) को कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने आधिकारिक तौर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन करार दिया है, यानी उसपर बैन लगाया है.
  • संयुक्त राष्ट्र: 2001 में जैश को एक आतंकवादी समूह के रूप में और उसके नेता मसूद अज़हर को 2019 में एक वैश्विक आतंकवादी के रूप में नामित किया.
  • भारत : अक्टूबर 2001 में भारत के UAPA अधिनियम के तहत JeM को एक प्रतिबंधित संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया गया था.
  • पाकिस्तान: अंतरराष्ट्रीय दबाव में जैश को 2002 में बैन किया था लेकिन आजतक जैश पाकिस्तान में खुले रूप में काम करता है, भारत पर हमले के लिए दान मांगता है.
  • अमेरिका: दिसंबर 2001 में जैश को एक विदेशी आतंकवादी संगठन के रूप में नामित किया.
  • यूनाइटेड किंगडम: मार्च 2001 में बैन किया
  • कनाडा: नवंबर 2002 में विदेशी आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया
  • ऑस्ट्रेलिया: अप्रैल 2003 में आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया
  • न्यूज़ीलैंड: अक्टूबर 2003 में आतंकवादी समूह के रूप में नामित किया

अमोनियम नाइट्रेट ने कई बार ली जान

  • अमोनियम नाइट्रेट का उपयोग आतंकवादी हमलों को अंजाम देने में भी किया गया है। साल 1995 में अमेरिका के ओक्लाहोमा सिटी में बमबारी में इसका इस्तेमाल हुआ था। यहां टिमोथी मैकविघ ने एक बम बनाने के लिए दो टन अमोनियम नाइट्रेट का उपयोग किया था और उसकी मदद से फेडरल गवर्नमेंट की एक इमारत को नष्ट कर दिया और 168 लोगों की मौत हो गई।
  • 1921 में, लगभग 4,500 टन अमोनियम नाइट्रेट के कारण जर्मनी के ओप्पाउ में एक प्लांट में विस्फोट हुआ था, जिसमें 500 से अधिक लोग मारे गये।
  • अमेरिकी की सबसे घातक औद्योगिक दुर्घटना में से एक 1947 में हुई। दुर्घटना टेक्सास के गैलवेस्टन बे में हुई थी। यहां बंदरगाह पर खड़े एक जहाज पर 2,000 टन से अधिक अमोनियम नाइट्रेट के विस्फोट से कम से कम 581 लोग मारे गए।
  • 2015 में उत्तरी चीन के तियानजिन बंदरगाह में अमोनियम नाइट्रेट और अन्य रसायनों से जुड़े विस्फोट में 173 लोग मारे गए।
  • 4 अगस्त 2020 को लेबनान के बेरूत में 2,750 टन अमोनियम नाइट्रेट में आग लगने से एक बड़ा विस्फोट हुआ। एक मालवाहक जहाज से 2014 में जब्त किया गया यह केमिकल 6 सालों तक बिना सुरक्षा उपायों के बिना बेरूत के बंदरगाह पर रखा गया था। लेकिन 2020 में जब पास के एक गोदाम में आग लगी तो इसमें विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण कम से कम 218 मौतें हुईं, 7,000 घायल हुए।

.....

Next Post

मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने लाल किला विस्फोट पर दुख व्यक्त किया

Tue Nov 11 , 2025
नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता ) मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने राजधानी में लाल किले के पास कार बम विस्फोट में हुई दुखद मौतों पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों और अधिवक्ता समुदाय की ओर से जारी एक संदेश में मुख्य न्यायाधीश गवई ने पीड़ित […]

You May Like