दिनदहाड़े घर से 10 लाख के जेवर चोरी  

थमने का नहीं ले रही चोरी की घटनाएँ

 

शहडोल। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिंहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बमूरा का है, जहां दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने एक घर से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सिंहपुर थाना प्रभारी एम.एल. रंगडाले ने बताया कि ग्राम बमूरा निवासी राघवेंद्र सिंह परिहार के घर यह चोरी हुई है। घर से नौ तोला से अधिक सोने के जेवरात और चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। बताया गया कि घर की महिलाएं एक पार्टी से लौटने के बाद सभी गहनों को एक बैग में रखकर सुरक्षित स्थान पर रख आई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसे और सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। महिलाओं ने बैग की काफी तलाश की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला, तो घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि जिले में इन दिनों चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। हाल ही में कोतवाली थाना क्षेत्र में डीएसपी के घर चोरी की वारदात हुई थी। इसके दो दिन बाद यातायात टीआई के घर भी चोरी हो गई थी। वहीं, सब्जी मंडी इलाके में कोतवाली थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर तीन दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की चोरी की गई थी। इन सभी मामलों में अब तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। अब सिंहपुर क्षेत्र में हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

डीजे वाहन की टक्कर से निजी डॉक्टर की दर्दनाक मौत

Sun Apr 27 , 2025
सिंगरौली। बंधौरा पुलिस क्षेत्र के रैलामोड़ पर बीती रात बाईक एवं डीजे वाहन के बीच आमने-सामने भिडंत हो गई। जहां बाईक सवार प्राईवेट चिकित्सक लखपति शाह उम्र 35 वर्ष की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम खोखरी निवासी लखपति साहू उम्र 35 वर्ष मोटरसाकिल में सवार होकर बीती रात […]

You May Like