
नई दिल्ली, 10 नवम्बर (वार्ता): अमेरिकी सेना एक अत्याधुनिक परमाणु क्रूज मिसाइल विकसित कर रही है, जिसका नाम एजीएम-181ए लॉन्ग रेंज स्टैंड ऑफ वेपन (LRSO) है। यह एक स्टील्थ परमाणु क्रूज मिसाइल है, जो दुश्मन के रडार से बचकर बहुत लंबी दूरी से परमाणु हमला करने में सक्षम है। हाल ही में कैलिफ़ोर्निया के ऊपर बी-52एच बॉम्बर के पंख के नीचे लगी इस मिसाइल की असली झलक पहली बार सामने आई है।
विश्लेषकों के अनुसार, एलआरएसओ मिसाइल पुरानी एजीएम-86बी एयर-लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल की जगह लेगी। नई मिसाइल की रेंज 2500 किलोमीटर से ज्यादा है और इसकी स्टील्थ क्षमता (दुश्मन के रडार से बचने की क्षमता) कहीं बेहतर है। मिसाइल की लंबाई 6.4 मीटर है और यह सबसोनिक गति से उड़ती है।
रक्षा विशेषज्ञ इस मिसाइल के विकास को रूस और चीन को दिए गए जवाब के रूप में देख रहे हैं, जो अपनी नई परमाणु और हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलों का परीक्षण कर रहे हैं। एजीएम-181ए मिसाइल हिरोशिमा के बम से 10 गुना शक्तिशाली परमाणु हथियार गिराने की क्षमता रखती है। इस अत्याधुनिक मिसाइल के 2030 के आसपास सेवा में शामिल होने की उम्मीद है।
