हमास के लड़ाकों ने इजरायल के सामने आत्मसमर्पण से इंकार कर दिया है, जबकि मध्यस्थों से युद्धविराम पर चर्चा जारी है। इजरायल और हमास के बीच तनाव बढ़ सकता है।
गाजा के राफा इलाके में इजरायली नियंत्रण वाले हिस्से में छिपे हमास के लड़ाकों ने इजरायल के सामने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया है। हमास की सैन्य शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड ने रविवार को बताया कि उन्होंने इस संकट का समाधान निकालने के लिए मध्यस्थों से मदद मांगी है। यह स्थिति उस युद्धविराम के लिए खतरा बन गई है जो करीब एक महीने से लागू है।
मध्यस्थ देशों के सूत्रों के मुताबिक, एक ऐसा प्रस्ताव विचार में है जिसमें हमास के लड़ाके अपने हथियार छोड़कर गाजा के दूसरे इलाकों में जा सकते हैं। वहीं, मिस्र के मध्यस्थों ने सुझाव दिया है कि राफा में बचे हुए लड़ाके अपने हथियार मिस्र को सौंप दें और सुरंगों के बारे में जानकारी साझा करें ताकि उन्हें नष्ट किया जा सके।
