इंदौर: हीरानगर पुलिस ने देर रात एमआर-10 ब्रिज के नीचे कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से करीब 11.50 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ जिसकी बाजार कीमत एक लाख रुपए बताई जा रही है.थाना हीरानगर पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर एमआर-10 ब्रिज, आईएसबीटी रोड के नीचे दबिश दी, जहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा था.
तलाशी लेने पर उसके पास से 11.50 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. जब्त किए गए नशे की बाजार कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी गई है. आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अरुण उर्फ डार्लिंग चौरसिया निवासी सागर बिहार, सुखलिया के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी से यह भी पूछताछ की जा रही है कि वह मादक पदार्थ कहां से लाया और इसे कहां सप्लाई करने वाला था, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं. थाना प्रभारी हीरानगर का कहना है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए इलाके में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
