जल प्रदाय योजना के धीमी कार्य पर कलेक्टर नाराज

सिंगरौली : ग्रामीण क्षेत्र के हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाने की सरकार की प्राथमिकता को मद्देनजर रखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा म.प्र. जल निगम के अंतर्गत निर्माण एजेंसी एम/एस डब्ल्यूपीआईएल द्वारा संचालित बैढ़न-1 समूह जल प्रदाय योजना की जमीनी हकीकत जानने के लिए परियोजना स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के इंटेक वेल एवं जल शोधन संयंत्र का बारीकी से अवलोकन कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जल निगम महाप्रबंधक द्वारा बताया गया कि परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति केवल 82 प्रतिशत है। योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी को पानी पहुँचाने के लिए प्रस्तावित 114 उच्च स्तरीय जलाशयों ओएचटी में से 22 जलाशयों का निर्माण कार्य निर्माण एजेंसी द्वारा अब तक प्रारंभ ही नहीं किया गया है। वहीं नदी या जलस्रोत से पानी उठाने वाले इंटेक वेल का कार्य भी अधूरा पाया गया, जिसकी प्रगति लगभग 70 प्रतिशत ही है। इसके अलावा गाँवों में जल प्रदाय प्रणाली के परीक्षण टेस्टिंग कार्य की स्थिति भी अत्यंत धीमी पाई गई तथा अब तक केवल एक ग्राम में ही पानी की सप्लाई का परीक्षण प्रारंभ किया जा सका है।
सुस्त रफ्तार पर नोटिस जारी
पेयजल जैसे संवेदनशील कार्य में बरती जा रही इस लापरवाही पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने ने निर्धारित माइलस्टोन प्राप्त करने में विफल रहने एवं कार्य की लगातार सुस्त रफ्तार के मद्देनजर म.प्र. जल निगम के अधिकारियों को निर्माण एजेंसी के विरुद्ध अनुबंध समाप्ति टर्मिनेशन की कार्रवाई के लिए तत्काल नोटिस जारी करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने एजेंसी को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित के इस कार्य में तेजी लाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में काम पूरा करें, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द नल से जल मिल सके। इस निरीक्षण के दौरान म.प्र. जल निगम के महाप्रबंधक, निर्माण एजेंसी के परियोजना प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Post

योगमय हुआ रामलीला मैदान: शीर्ष अधिकारियों संग आम लोगों ने किया योग

Sun Jun 21 , 2026
सिंगरौली: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर आज स्थानीय रामलीला मैदान में एक भव्य एवं गरिमामयी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वयं और समाज के लिए योग” के वैश्विक संदेश को आत्मसात करते हुए सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा रामलीला मैदान योग साधकों के […]

You May Like