जबलपुर: आरपीएफ ने पनागर रेलवे फाटक गेट क्रमांक 324 के पास ऑपरेशन ‘जन जागरण’ के तहत ग्रामीणों और राहगीरों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उपनिरीक्षक अरविंद सिंह ने स्टाफ के साथ लोगों को फाटक बंद होने पर उसे पार न करने, रेलवे ट्रैक के किनारे न बैठने और बच्चों को वहां खेलने से रोकने की समझाइश दी।
अभियान के दौरान लोगों को ट्रेनों पर पत्थर न फेंकने, रेलवे लाइन के किनारे आग या ज्वलनशील वस्तु न जलाने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ/जीआरपी को देने की अपील की गई। साथ ही रेल अधिनियम के तहत होने वाली कार्रवाई की जानकारी देते हुए रेलवे की अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में भी समझाया गया।
