कलेक्टर का सख्त निर्देश:बर्दाश्त नही होगी छात्रावासों में लापरवाही

रामपुर नैकिन ( सीधी)।छात्रावासों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधीक्षक छात्रावास में रहकर विद्यार्थियों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अधीक्षकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को रामपुर नैकिन में छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों की समीक्षा बैठक में दिए।
कलेक्टर ने शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण पूरा कराने, खुले बिजली तार तत्काल ठीक कराने तथा बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों के छात्रावास परिसर में प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय की पुस्तकों को विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन और दोनों समय नाश्ता उपलब्ध कराने को कहा।
बालिका छात्रावासों में अधीक्षिकाओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि छात्रावास की साफ-सफाई, बिस्तर, बर्तन एवं भोजन व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए संबंधित विद्यालयों से सतत समन्वय कर विशेष कक्षाएं संचालित करने तथा छात्रावासों की बाउंड्रीवाल और परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया।
कलेक्टर ने सभी अधीक्षकों को प्रतिदिन विद्यार्थियों की उपस्थिति फोटो सहित व्हाट्सएप ग्रुप में भेजने और अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क करने के निर्देश भी दिए। अवकाश एवं बचत राशि का सही हिसाब रखने तथा विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार बचत राशि से सामग्री उपलब्ध कराने को कहा।

कन्या छात्रावास में 50 में से 46 छात्राएं उपस्थित

समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर ने अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां प्रवेशित 50 में से 46 छात्राएं उपस्थित मिलीं। कलेक्टर ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी उपस्थित छात्राओं को पेन एवं मिठाई वितरित की।
छात्राओं को नीट की तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश सहायक परियोजना प्रशासक पी.के. पाण्डेय को दिए गए। कलेक्टर ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए अधीक्षिका एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

Next Post

बेकाबू कार ने सड़क पर खड़ी तीन कार में टक्कर मारी

Mon Oct 5 , 2026
ग्वालियर: तेज रफ्तार बेकाबू कार चालक ने सड़क पर खड़ी हुई तीन कार में टक्कर मार दी। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। यह डबरा सिटी थाना क्षेत्र के ग्वालियर डबरा रोड की घटना है। ड्राइवर नशे में बताया जा रहा था। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email […]

You May Like