इंदौर:सांवेर थाना क्षेत्र में उज्जैन रोड स्थित शक्तिमान चौराहा पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.घायल युवक की पहचान 38 वर्षीय विनोद चौधरी के रूप में हुई है. उसने बताया कि वह अपने जनरेटर की मरम्मत के लिए सांवेर गया था.
उसके साथ उसका दोस्त संतोष भी था. मरम्मत के दौरान दुकानदार से पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों जनरेटर लेकर मोटरसाइकिल से इंदौर की ओर लौट रहे थे. जैसे ही वे शक्तिमान चौराहा, धरमपुरी पहुंचे, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आए और उनकी बाइक को टक्कर मार दी. विरोध करने पर पीछे बैठे युवक, जिसने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, ने चाकू निकालकर विनोद पर हमला कर दिया.
हमले में उसे बाएं बगल और कमर में गंभीर चोटें आईं, जबकि एक वार गले के पास भी लगा. घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल सहित इंदौर की ओर भाग निकले. घायल विनोद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. सांवेर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
