छतरपुर। ऐतिहासिक सिद्ध स्थल हनुमान टौरिया मंदिर में बीते एक माह से निरंतर चल रही अखंड श्रीराम धुन संकीर्तन की बुधवार को पूर्णाहुति हुई। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहाँ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसके लिए पिछले पांच दिनों से व्यापक तैयारियां की जा रही थीं।
इस भंडारे में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। यह परंपरा लगातार 37 वर्षों से यहां निभाई जा रही है।
हनुमान टौरिया समिति के गिरजा पाटकर ने बताया कि यह परंपरा बुंदेलखंड के महाराजा छत्रसाल के समय से चली आ रही है। कार्तिक माह आरंभ होते ही मंदिर में अखंड रामधुन प्रारंभ हो जाती है, जो 24 घंटे लगातार एक माह तक चलती है।
ट्रस्ट सदस्य नीरज भार्गव ने बताया कि भंडारे में प्रसाद के लिए 40 क्विंटल आटा, 6 क्विंटल सूजी और 40-50 बोरा आलू का उपयोग किया गया। प्रसाद पूरी तरह शुद्ध घी से तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण कर भंडारे की प्रशंसा की।
