भैरूंदा। कृषि उपज मंडी में बंपर आवक के चलते मंडी परिसर छोटा पड़ गया. इस व्यवस्था को सुचारू व पटरी पर लाने के लिए प्रशासन व मंडी प्रशासन ने निर्णय लिया कि अब एक जगह नहीं दो जगह उपज की नीलामी होगी.
इन दिनों मंडी में उपज की जोरदार आवक हो रही है, जिसके कारण ट्रैक्टर ट्रालियां मंडी परिसर के बाहर मुख्य मार्ग पर दोनों ओर लंबी-लंबी कतारों में लग रही हैं. किसानों को अपनी उपज नीलामी का इंतजार करना पड़ता था. सड़क पर ट्रालियों की लगी कतारों से व्यापारियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता था. साथ ही आवागमन करने वाले वाहन मालिकों को भी रेंगते हुए निकलना पड़ता था. कई बार तो जाम की स्थिति भी बन जाती थी. किसानों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन के साथ-साथ मंडी प्रशासन ने यह निर्णय लिया कि अब उपज की नीलामी एक जगह न होकर दो जगह कराई जाएगी ताकि किसानों को भी सुविधा हो और व्यापारियों को भी परेशानियों को सामना न करना पड़े. इसलिए मक्का उपज को छोड़ दिया जाए तो गेहूं, चना, सोयाबीन, मूंग, एवं अन्य उपज की नीलामी पूर्व की तरह मंडी में होगी. मक्का की उपज राला, पारदीपुरा स्थित नवीन कृषि उपज मंडी में होगी. प्रशासन के इस निर्णय से किसानों ने राहत के साथ ली है वहीं व्यापारियों ने भी इस निर्णय को सराहा. उनका कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रालियां मुख्य मार्ग पर खड़े होने से हमारा व्यापार प्रभावित हो रहा था. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. प्रशासन ने इसे ध्यान में रखते हुए उपज नीलामी के लिए 2 स्थान चिन्हित किए हैं.
